जवाहर चौक में निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर दो ट्रक सामान जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जवाहर चौक में निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर दो ट्रक सामान जब्त


भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को जवाहर चौक क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने यहां से बड़ी संख्या में ठेले, टेबल, कुर्सियां और अन्य सामान हटाकर दो ट्रक सामग्री जब्त की। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

निगम के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए।

इससे पहले निगम आयुक्त के बोट क्लब के औचक निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन में निगम के शाम के दस्ते ने वहां से तीन ठेले, 20 कुर्सियां और सात पन्नियां जब्त कीं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अमले ने फुटपाथ पर अलाव जलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 200 रुपये का स्पॉट फाइन किया।

शनिवार को जवाहर चौक क्षेत्र में हुई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में टेबल, कुर्सियां, ठेले और अन्य सामग्री जब्त की गई। निगम अमले ने बोट क्लब, वल्लभ भवन, नेहरू नगर चौराहा, भीम नगर, एमपी नगर जोन-1, जिंसी चौराहा, काली जी का मंदिर, पुलपातरा, गिन्नौरी, बरखेड़ा पठानी, यूनानी शफाखाना, पीरगेट चौकी, जामा मस्जिद, अशोका गार्डन, दशहरा मैदान, सुपर शादी हॉल, परिहार चौराहा, बाग दिलकुशा, सोनागिरी, गांधीनगर नाका, बस स्टॉप, गोंदरमऊ, बंजारी बस्ती, अब्बास नगर, लालघाटी, गुफा मंदिर और बैरागढ़ सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान अशोका गार्डन दशहरा मैदान से एक और बाग दिलकुशा क्षेत्र से पांच छप्पर हटाए गए। महिंद्रा शोरूम के पास से एक शेड हटाया गया, जबकि बरखेड़ा पठानी में दो मकानों के सामने नाली पर बनाए गए चबूतरे तोड़े गए। जिंसी चौराहे पर दुकान के बाहर रखा टेंट का सामान हटाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र के पास रखी सेंट्रिंग प्लेट, सड़क पर पड़ी लकड़ियां और अन्य बाधक सामग्री भी हटाई गई। नेहरू नगर चौराहे पर होटल के सामने अवैध रूप से लगाया गया बैरिकेड भी हटवाया गया।

निगम अमले ने फुटपाथों पर लगी सब्जी और कपड़ों की दुकानों, दुकानों के बाहर रखे सामान, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सियां और टेबल सहित अन्य अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान चार ठेले, दो गुमठियां और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story