प्रशासन का बड़ा एक्शन: अशोकनगर में करोड़ों की सरकारी जमीन से हटा अवैध ‘कॉलोनी’ का साया
अशोकनगर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर से भू-माफियाओं और सरकारी जमीन पर कुदृष्टि रखने वालों के खिलाफ प्रदेश सरकार के जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बुधवार को अशोकनगर प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शहर के नजदीकी ग्राम टकनेरी में सरकारी बेशकीमती जमीन पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को प्रशासन के बुलडोजर ने जमींदोज कर दिया।
करोड़ों की जमीन पर था बृजमोहन का कब्जा:
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, ग्राम टकनेरी स्थित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 23 (रकबा 0.251 हेक्टेयर) पर अतिक्रामक बृजमोहन पुत्र नारायणसिंह कुशवाह द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। आरोपी ने न केवल इस जमीन को घेरा, बल्कि यहां बाकायदा कॉलोनी का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया था। खास बात ले है कि मुक्त कराई गई इस 0.251 हेक्टेयर जमीन का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 1,35,00,000 (एक करोड़ पैंतीस लाख रुपए) आंका गया है।
तहसीलदार के आदेश पर चला पीला पंजा:
अतिक्रमण का यह मामला लंबे समय से तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन था। साक्ष्यों और पटवारी रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार अशोकनगर ने बेदखली के आदेश पारित किए थे। बुधवार को जब प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा, तो हडक़ंप मच गया।
शुरू हुई इस कार्रवाई में राजस्व विभाग और पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र के भू-माफियाओं में हडक़ंप की स्थिति है। अधिकारियों का साफ कहना है कि सरकारी जमीन पर किया गया कोई भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी अन्य चिन्हित जमीनों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

