देवास: आंधी में माता टेकरी मंदिर की छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
देवास: आंधी में माता टेकरी मंदिर की छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला


देवास, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास शहर में शनिवार दोपहर आई तेज आंधी के दौरान माता टेकरी स्थित बड़ी माता मंदिर की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय छत के नीचे कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3:15 बजे हुई। तेज हवाओं के बीच मंदिर की लगभग 20 वर्ष पुरानी छत का एक हिस्सा टूटकर मंदिर परिसर के सामने वाले क्षेत्र में गिर पड़ा। छत गिरने की आवाज सुनते ही परिसर में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मंदिर के पुजारी ने बताया कि हादसे के समय प्रभावित स्थान पर कोई श्रद्धालु नहीं था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। यदि उस समय वहां श्रद्धालुओं की मौजूदगी होती तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

शनिवार दोपहर शहर में करीब 15 से 20 मिनट तक तेज आंधी चली, जिसके बाद लगभग आधे घंटे तक बारिश हुई। इसी दौरान मंदिर की छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। फिलहाल मंदिर परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर सावधानी बरती जा रही है। प्रशासन से भी मंदिर की संरचना की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग उठी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story