अनूपपुर : अदानी थर्मल प्लांट के खिलाफ सरपंच का मोर्चा, वादा खिलाफी और शोषण के लगाए आरोप

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर : अदानी थर्मल प्लांट के खिलाफ सरपंच का मोर्चा, वादा खिलाफी और शोषण के लगाए आरोप


अनूपपुर, 09 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित अदानी थर्मल पावर प्लांट के खिलाफ ग्राम पंचायत मझौली की सरपंच चंदा पनिका ने मंगलवार को तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर पिछले एक वर्ष से वादा खिलाफी और ग्रामीणों के शोषण का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समझौते के कार्य समय पर पूरे नहीं किए गए तो पंचायत क्षेत्र में काम नहीं होने दिया जाएगा।

सरपंच ने आरोप लगाया कि कंपनी पहले ही पंचायत की लगभग 100 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर चुकी है और अब शेष भूमि पर भी कब्जे की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार कंपनी ने इसके लिए अधिकारियों की विशेष टीम लगा रखी है, जो दबाव और स्थानीय दलालों के माध्यम से जमीन हासिल करने का प्रयास कर रही है।

चंदा पनिका ने कहा कि कंपनी ने छोटे-मोटे कार्यों का दिखावा कर विकास का माहौल बनाने की कोशिश की, जबकि पंचायत को दिए गए लिखित आश्वासनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि समझौते के तहत पंचायत क्षेत्र में आईसीयू सुविधा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा, हाट बाजार परिसर, युवाओं के लिए कंप्यूटर व पुस्तकालय सहित प्रशिक्षण केंद्र, महिलाओं के लिए रोजगार प्रशिक्षण केंद्र, मान्यता प्राप्त खेल मैदान, पशु अस्पताल, गौशाला, सार्वजनिक शौचालय और सीसीटीवी कैमरे लगाने जैसी सुविधाओं का वादा किया गया था।

सरपंच का कहना है कि इनमें से अधिकांश कार्य आज तक शुरू नहीं हुए। उन्होंने यह भी कहा कि प्लांट बनने के बाद बाहरी लोगों की बढ़ती आवाजाही और शराबखोरी के कारण क्षेत्र की महिलाएं और ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

चंदा पनिका ने स्पष्ट किया कि पंचायत राजनीति नहीं करना चाहती, लेकिन कंपनी भी राजनीतिक दबाव और प्रभाव का इस्तेमाल न करे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मझौली ने हमेशा यह उम्मीद की कि उद्योग आने से स्थानीय विकास, रोजगार और आर्थिक अवसर बढ़ेंगे, लेकिन अब ग्रामीण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story