मैहर: गया से लौट रहे डॉक्टर-प्रिंसिपल भाइयों की कार डिवाइडर से टकराई, दोनों की मौत, ड्राइवर गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
मैहर: गया से लौट रहे डॉक्टर-प्रिंसिपल भाइयों की कार डिवाइडर से टकराई, दोनों की मौत, ड्राइवर गंभीर


मैहर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के गया से पिंडदान और श्राद्ध कर्म कर मध्य प्रदेश के दमोह जिले लौट रहे डॉक्टर और प्रिंसिपल भाइयों की इनोवा कार शनिवार तड़के मैहर जिले के पास हादसे का शिकार हो गई। पौड़ी गांव के पास कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार तड़के करीब 3 बजे की है। इनोवा कार क्रमांक एमपी 20 बीए 5139 से तीन लोग गया से दमोह लौट रहे थे। मैहर के पौड़ी गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही मैहर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव और घायल ड्राइवर को बाहर निकलवाया। घायल राजा रैकवार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में दमोह निवासी डॉ. संजय गंगेले (59) और उनके बड़े भाई प्रिंसिपल सुधीर गंगेले (61) की मौत हो गई। दोनों भाई गया में पितरों का पिंडदान और श्राद्ध कर्म पूरा करने के बाद वापस दमोह लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।

मृतक डॉ. संजय गंगेले की पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले दमोह की जानी-मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। हादसे के समय वे किसी काम से भोपाल गई हुई थीं। पति और जेठ की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मैहर पुलिस ने दमोह में मृतकों के परिजनों को सूचना दी। परिजन मैहर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story