रीवा के खेत में घायल मिला दुर्लभ पैंगोलिन, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में चल रहा उपचार

WhatsApp Channel Join Now
रीवा के खेत में घायल मिला दुर्लभ पैंगोलिन, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में चल रहा उपचार


मैहर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले स्थित महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एवं जू मुकुंदपुर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात घायल अवस्था में एक दुर्लभ पैंगोलिन लाया गया। यह वन्यजीव रीवा जिले के बेलहा गांव में एक खेत में घायल हालत में मिला था। फिलहाल सफारी के चिकित्सक उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं और उपचार किया जा रहा है। इस रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों की सजगता और सफारी की रेस्क्यू टीम की तत्परता अहम रही।

जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर की रात ग्राम पंचायत बेलहा निवासी अमर सिंह के खेत में पैंगोलिन घायल अवस्था में दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल मुकुंदपुर सफारी प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक पैंगोलिन को अपने संरक्षण में लिया। घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मुकुंदपुर सफारी के अस्पताल लाया गया।

रेस्क्यू टीम ने दिखाई तत्परता

इस रेस्क्यू अभियान में जू डायरेक्टर लव प्रताप सिंह, वनरक्षक अभिषेक विश्वकर्मा और संविदाकर्मी अजय साकेत शामिल रहे। फिलहाल पैंगोलिन का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है, हालांकि, उसकी चोटों की गंभीरता और स्वास्थ्य में सुधार को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है।

संरक्षित वन्यजीव है पैंगोलिन

पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण और संरक्षित जीव है। इसके शरीर पर मौजूद कठोर शल्कदार परत इसकी विशिष्ट पहचान है। मुकुंदपुर सफारी में घायल वन्यजीवों के रेस्क्यू और उपचार की व्यवस्था क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्वस्थ होने के बाद पैंगोलिन को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा या नहीं, इसका निर्णय वन विभाग के अधिकारी उसकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के बाद लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story