मैहर को मिली नई सौगात, अब जिले में ही होगी वाहनों की फिटनेस जांच

WhatsApp Channel Join Now
मैहर को मिली नई सौगात, अब जिले में ही होगी वाहनों की फिटनेस जांच


मैहर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर जिले के वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों को अब वाहनों की फिटनेस जांच के लिए दूसरे जिलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रविवार को जिले में मध्य प्रदेश परिवहन विभाग से प्रमाणित वाहन फिटनेस जांच केंद्र की शुरुआत हुई। मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। यहां सोमवार से वाहनों की फिटनेस जांच की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

फिटनेस सेंटर शुरू होने से जिले के वाहन मालिकों को अब स्थानीय स्तर पर ही फिटनेस संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी। अब तक जांच के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर रहने के कारण वाहन मालिकों को समय और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था। नई सुविधा से विशेष रूप से मालवाहक वाहनों के संचालकों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नवनिर्मित फिटनेस केंद्र में आधुनिक उपकरणों की मदद से वाहनों की फिटनेस से संबंधित विभिन्न जांच की जाएंगी। केंद्र का संचालन परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप होगा। यहां वाहन मालिक व्यवस्थित तरीके से फिटनेस जांच कराकर आवश्यक प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

उद्घाटन समारोह में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। केंद्र शुरू होने से वाहन फिटनेस जांच के लिए दूसरे शहरों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय, ईंधन और परिवहन पर होने वाले अतिरिक्त खर्च की बचत होगी।

मैहर में परिवहन विभाग से प्रमाणित फिटनेस सेंटर की शुरुआत को जिले में परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे वाहन मालिकों को सुविधा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर परिवहन संबंधी सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story