मैहर-विंध्य की पर्यटन संभावनाओं को देश-विदेश तक पहुंचाने पर जोर, 150 से अधिक इन्फ्लुएंसर्स ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
मैहर-विंध्य की पर्यटन संभावनाओं को देश-विदेश तक पहुंचाने पर जोर, 150 से अधिक इन्फ्लुएंसर्स ने लिया हिस्सा


मैहर, 12 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन की संभावनाओं से समृद्ध मैहर और विंध्य क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने गुरुवार को मैहर में 'मैहर इन्फ्लुएंसर मीट' का आयोजन किया। इसमें पर्यटन विकास, धार्मिक स्थलों के प्रचार-प्रसार, ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन और पर्यटन सर्किट विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में वाराणसी, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सतना, सीधी, रीवा, पन्ना, दतिया, ओरछा, छतरपुर और मैहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए।

कार्यक्रम में आयोजित पैनल चर्चा में सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, आर्ट ईचौल की संस्थापक अंबिका बेरी और मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख डॉ. नीलम रावत ने पर्यटन विकास की संभावनाओं और चुनौतियों पर अपने विचार रखे।

प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने का सुझाव

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के खजुराहो, पन्ना, बांधवगढ़, ओरछा, चित्रकूट, मैहर, मुकुंदपुर, सरसी, मार्कंडेय और अमरकंटक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़कर व्यवस्थित पर्यटन सर्किट विकसित किया जाना चाहिए। इससे पर्यटकों को एक ही यात्रा में कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहरों से समृद्ध है। जरूरत इन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने की है।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए तो मैहर को मध्यप्रदेश के साथ देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

होम-स्टे से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने ग्रामीण पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां शारदा धाम मैहर के आसपास पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था विकसित करने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम-स्टे जैसी सुविधाओं का विकास जरूरी है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटकों को क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस संदर्भ में तामिया और चंदेरी जैसे सफल ग्रामीण पर्यटन स्थलों का उदाहरण भी दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story