मूसलाधार बारिश में गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह का आवास जलमग्न, दूसरी मंजिल पर रहने को मजबूर परिवार

WhatsApp Channel Join Now
मूसलाधार बारिश में गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह का आवास जलमग्न, दूसरी मंजिल पर रहने को मजबूर परिवार


रीवा, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मैहर, सतना और रीवा जिले के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। रीवा जिले के गुढ़ से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह का आवास भी जलभराव की चपेट में आ गया है। नदी किनारे स्थित विधायक के आवास को पिछले 24 घंटे से अधिक समय से पानी ने चारों ओर से घेर रखा है। मकान के निचले हिस्से में पानी भर जाने के कारण विधायक और उनका परिवार दूसरी मंजिल पर रहने को मजबूर है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार आवास के भूतल में पानी पूरी तरह भर चुका है। घर में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं पानी में डूबी हुई हैं। जलस्तर बढ़ने के कारण परिवार तक भोजन और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है।

नदी किनारे निर्माण पर फिर उठे सवाल

विधायक का आवास जलमग्न होने के बाद नदी के किनारे हुए निर्माण कार्यों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी के कैचमेंट क्षेत्र और तटीय इलाकों में हुए निर्माण के कारण जल निकासी प्रभावित हुई है। इसके चलते भारी बारिश के दौरान पानी का प्रवाह और निकासी बाधित होने से जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई।

इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और नगर नियोजन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, जलभराव के लिए नदी किनारे निर्माण को सीधे जिम्मेदार ठहराने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

विधायक बोले-नियमानुसार मिली थी निर्माण की अनुमति

जलभराव और निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर विधायक नागेंद्र सिंह ने सफाई दी है। उनका कहना है कि उनके मकान का निर्माण निर्धारित नियमों के अनुसार कराया गया है। नगर निगम ने आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही भवन निर्माण की अनुमति जारी की थी।

फिलहाल प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्र का जायजा ले रही हैं। जल निकासी व्यवस्था सुधारने के साथ प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार बारिश के बीच प्रशासन की नजर जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story