राहवीर योजना को सफल बनाने परिवहन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में हो बेहतर समन्वय : कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
राहवीर योजना को सफल बनाने परिवहन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में हो बेहतर समन्वय : कलेक्टर


मैहर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए परिवहन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। यह निर्देश कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए।

कलेक्टर मुखर्जी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पूर्व में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

कलेक्टर ने परिवहन और स्वास्थ्य विभाग को राहवीर योजना के तहत कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए। दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों में विभागीय तालमेल और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है।

मैहर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कलेक्टर ने प्रमुख चौराहों पर आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने भी सड़क सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शिक्षा, सामाजिक न्याय तथा उच्च शिक्षा विभाग को महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

बैठक में अपर कलेक्टर रोशन राय सहित लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story