मैहर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित


मैहर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मैहर स्थित एकलव्य विद्यालय के मां शारदा ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनजातीय पारंपरिक आभूषणों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह में मैहर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों ने सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा धारण कर जनजातीय संस्कृति की अनूठी छटा प्रस्तुत की।

समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान आदिवासी लोकगीतों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय परंपराओं, संस्कृति एवं विरासत को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास की छात्राओं ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय पुरस्कार उत्कृष्ट कन्या छात्रावास की छात्राओं के नाम रहा।

इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, समाज के प्रति उनके योगदान, त्याग एवं बलिदान से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा हम सभी के लिए पूजनीय हैं। उन्होंने अल्पायु में ही समाज और जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए जो योगदान दिया, उसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रोशन राय, फूल सिंह टेकाम, सत्यभान सिंह, जयंती तिवारी, शशि मिश्रा, विकास तिवारी, संतोष सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मां शारदा माता मंदिर के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में भी विशेष आयोजन किया गया। यहां जनजातीय समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत कर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई तथा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया।

इस प्रकार मैहर जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story