मैहर में तेज रफ्तार कार ढाबे में घुसी, सात लोग घायल

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में तेज रफ्तार कार ढाबे में घुसी, सात लोग घायल


मैहर, 14 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में झुकेही चौकी क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर गुरूवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसी। हादसे में कार सवार लोगों सहित ढाबे के कर्मचारी घायल हो गए। दुर्घटना में ढाबे का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन कर कटनी लौट रही कार अचानक अनियंत्रित होकर बागेश्वर ढाबा में घुस गई। हादसे के समय ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना में नीलू सोनी (33), उर्मिला सोनी (59), रश्मि सोनी (27), आयशा सोनी (7), अनिल सोनी (29) और अवनी सोनी (6 माह) सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायल कटनी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नरवाई की आग की चपेट में आकर हाईवा जला

वहीं, सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में नरवाई की आग की चपेट में आने से एक हाईवा वाहन जलकर खाक हो गया। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक पिपरीकला क्षेत्र में नहर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें रगला निवासी विकास सिंह के वाहन लगाए गए हैं। देर रात खेतों में अज्ञात कारणों से लगी आग तेज हवा के कारण फैल गई और वहां खड़े एक खराब हाईवा वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया गया कि पास में खड़े दूसरे हाईवा में चालक मौजूद था, जिसे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और आग पर काबू पाया। घटना की सूचना उचेहरा पुलिस को दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story