मैहर के मां शारदा मंदिर में बिछड़ा मासूम, सुरक्षा गार्ड ने परिजनों से मिलवाया
मैहर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच परिवार से बिछड़े एक मासूम बच्चे को सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल परिजनों से मिलवा दिया। बच्चे के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सुरक्षा कर्मियों का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों मां शारदा मंदिर में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक मासूम बच्चा अपने परिवार से बिछड़ गया और काफी देर तक मंदिर परिसर में इधर-उधर भटकते हुए रोता रहा।
ड्यूटी पर तैनात आईएसआई कंपनी के सुरक्षा गार्ड विनोद वर्मा की नजर बच्चे पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित अपने पास रखा और अनाउंसमेंट सहित अन्य माध्यमों से उसके परिजनों की तलाश शुरू करवाई। कुछ ही देर में बच्चे के परिजनों का पता चल गया और उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
आगरा से दर्शन करने आया था परिवार
आईएसआई कंपनी के सुपरवाइजर दीपक दुबे ने बताया कि बच्चा काफी देर से परिवार से बिछड़कर रो रहा था। भीड़ अधिक होने के कारण वह अपने परिजनों से अलग हो गया था। बच्चे की पहचान विराट के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम बृजम राठौर है। परिवार आगरा से मां शारदा के दर्शन करने मैहर आया हुआ था। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने सुरक्षा गार्ड विनोद वर्मा का आभार जताया।
मंदिर और रोपवे परिसर में सुरक्षा कर्मी मुस्तैद
मां शारदा मंदिर और रोपवे परिसर में भीड़ के बावजूद आईएसआई कंपनी के सुरक्षा गार्ड व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी सुरक्षा कर्मी पूरी मुस्तैदी से निभा रहे हैं। बिछड़े मासूम को परिजनों से मिलाकर सुरक्षा गार्ड विनोद वर्मा ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। वहीं, सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को भी बेहतर व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

