मैहर आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरते अधिकारी - कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
मैहर आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरते अधिकारी - कलेक्टर


मैहर आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरते अधिकारी - कलेक्टर


मैहर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं।

जनसुनवाई में कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम भरौली के एक आवेदक ने नहर के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण के कारण खेतों तक पहुंचने का रास्ता बंद होने की समस्या रखी। आवेदक ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध होने से किसानों को अपने खेतों तक आवागमन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को स्थल का निरीक्षण कर समस्या की जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार ग्राम आमातारा के निवासी ने आदिवासी कन्या छात्रावास के लिए स्वीकृत स्थल में परिवर्तन किए जाने की मांग प्रस्तुत की। आवेदक ने बताया कि प्रस्तावित स्थल मुख्य मार्ग से लगभग दो किलोमीटर अंदर स्थित है तथा श्मशान घाट की भूमि से लगा हुआ है। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागीय अधिकारी को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण एवं परीक्षण कर वस्तुस्थिति के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में विद्युत आपूर्ति,प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, सड़क निर्माण एवं पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराते हुए संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को पद से पृथक् की कार्रवाई

जिले के रामनगर विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र रामनगर-01 में कार्य के प्रति लापरवाही, विभागीय निर्देशों की अवहेलना एवं अनियमितताओं के मामले में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में कड़ी कार्रवाई की गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजकुमारी मिश्रा को उनके पद से पृथक कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, बिना पूर्व सूचना एवं स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित रहने, पोषण ट्रैकर एप में जानकारी दर्ज नहीं करने, आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में लापरवाही एवं अनियमितता बरतने, एनआरसी में कुपोषित बच्चों को भर्ती नहीं कराने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने जैसे आरोपों के संबंध में जारी कारण बताओ सूचना पत्र के जवाब में प्रस्तुत स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया।

साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया है। जारी आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। आदेश के विरुद्ध 7 दिवस के भीतर प्रथम अपील जिला कलेक्टर मैहर एवं द्वितीय अपील संभागीय आयुक्त (राजस्व), रीवा संभाग रीवा के समक्ष प्रस्तुत की जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778820 Articles

Share this story