मैहर: आस्था केंद्र में अतिक्रमण और अव्यवस्था पर सख्त हुई मंदिर समिति, यातायात सुधार के लिए उठाए कदम

WhatsApp Channel Join Now
मैहर: आस्था केंद्र में अतिक्रमण और अव्यवस्था पर सख्त हुई मंदिर समिति, यातायात सुधार के लिए उठाए कदम


मैहर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा देवी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि मंदिर क्षेत्र में अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

मंदिर समिति के अनुसार, मंदिर परिसर एवं आसपास की सड़कों पर वाहनों के अनियंत्रित ठहराव के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए निर्णय लिया गया है कि दुकानों के सामने अथवा सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से वाहन खड़े पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों से अर्थदंड वसूला जाएगा।

समिति का मानना है कि इस कदम से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि दर्शनार्थियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

रोपवे क्षेत्र और मेला परिसर के आसपास बढ़ते अतिक्रमण को भी प्रशासनिक चिंता का विषय माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों के अनुसार कुछ स्थानों पर अवैध कब्जों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे भविष्य में व्यवस्थागत चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं। मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

समिति ने संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही रोपवे मार्ग, अन्नकूट क्षेत्र और अन्य प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी योजना है।

मंदिर प्रबंधन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना तथा धार्मिक स्थल की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखना है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story