मैहर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को किया नमन


मैहर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अमर जवान स्मारक पर शहीद पुलिस जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और शहीद परिवार के सदस्यों ने शामिल होकर वीर जवानों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने शहीद स्मारक पर पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, मैहर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार, यातायात निरीक्षक कृष्णा मिश्रा, यातायात उप निरीक्षक विक्रम पाठक, निरीक्षक रेनू मिश्रा और सूबेदार राशिद परवेज खान सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। शहीद शंकर प्रसाद पटेल की पत्नी का शाल, श्रीफल और माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों की शहादत हमेशा स्मरणीय रहेगी। उनका साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उनका साहस और देश के प्रति समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। पुलिस स्मृति दिवस देश की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश देता है।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story