एनएचआरसी के विशेष मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने मैहर में वृद्धाश्रम, उपजेल, आंगनवाड़ी और विद्यालयों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
एनएचआरसी के विशेष मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने मैहर में वृद्धाश्रम, उपजेल, आंगनवाड़ी और विद्यालयों का किया निरीक्षण


मैहर, 25 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने मंगलवार को मैहर जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम, उपजेल मैहर, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा विद्यालयों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विशेष मॉनिटर ने सबसे पहले वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वृद्धजनों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य, भोजन तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धाश्रम में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान देने तथा वृद्धजनों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

गोयल ने वृद्धाश्रम में रखे जाने वाले दस्तावेजों और अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर भी जोर दिया। उन्होंने वृद्धजनों के आवागमन तथा दानदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री का नियमित और पारदर्शी लेखा-जोखा रखने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनी रहे।

इसके बाद उन्होंने उपजेल मैहर का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

मैहर जिले के अमरपाटन अनुभाग में विशेष मॉनिटर ने आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था और आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुधार और बेहतर क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजेंद्र बांगरे, सीएसपी महेंद्र सिंह, नगर पालिका सीएमओ, सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story