मैहर नवरात्रि मेले से पहले प्रशासन सख्त, नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों पर होगी कार्रवाई
मैहर, 9 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में क्वार नवरात्रि मेले के शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट राय उदय प्रताप के नेतृत्व में कटनी रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ऑटो और अन्य वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान मैहर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार, यातायात प्रभारी कृष्णा मिश्रा, विक्रम पाठक सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने ऑटो चालकों को नवरात्रि मेले के दौरान निर्धारित ड्रेस पहनने के साथ बैच-बिल्ला और नेम प्लेट लगाकर ही वाहन चलाने की हिदायत दी।
नवरात्रि मेले के दौरान मैहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है। ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ड्रेस, बैच-बिल्ला और नेम प्लेट की अनिवार्यता पर जोर दिया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, इन व्यवस्थाओं से किसी अप्रिय घटना, शिकायत या विवाद की स्थिति में संबंधित चालक की पहचान करने में आसानी होगी। इससे शिकायतों की जांच और जिम्मेदारी तय करने में भी मदद मिलेगी।
वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चालकों को निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्धारित नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि मेले के दौरान ऑटो परिवहन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना, श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। मेले से पहले चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए प्रशासन यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की तैयारी में जुटा है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

