नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मां शारदा के किए दर्शन
मैहर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को मैहर पहुंचकर प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर के पुजारी नितिन महाराज दाऊ ने उन्हें मां शारदा के दर्शन कराकर पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
मंत्री विजयवर्गीय ने मां शारदा का आशीर्वाद लेकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान मंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
मंत्री के मैहर आगमन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा। दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
इस अवसर पर कमलेश सुहाने, भगवती पांडेय, संतोष सोनी, महेश तिवारी, कुलदीप तिवारी, इंद्रजीत सिंह मैनी, संजय जादवानी, रीता आहूजा, शशि मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

