मैहरः मां शारदा के दरबार में उमड़े श्रद्धालु दिखी आस्था की अनुपम झलक

WhatsApp Channel Join Now
मैहरः मां शारदा के दरबार में उमड़े श्रद्धालु दिखी आस्था की अनुपम झलक


मैहर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर मे शारदीय नवरात्रि मेले का शुभारंभ रविवार को मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मां शारदा मंदिर के पट सुबह तीन बजे खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले दिन देश के विभिन्न जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मैहर पहुंचे।

प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने सुगमता से दर्शन किए। मंदिर में मां शारदा का लाल परिधान में मनमोहक श्रृंगार किया गया। प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 11 अक्टूबर को सुबह से दोपहर एक बजे तक कुल 97,786 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए। इनमें पैदल मार्ग से 94,272, वैन मार्ग से 1,014 और रोपवे के माध्यम से 2,500 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इससे पहले सुबह चार से 11 बजे के बीच ही 75 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने की जानकारी दी गई थी।

श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना

नवरात्रि मेले में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की। गोंदिया से आए रविकांत और उनके साथियों ने व्यवस्था को बेहतर बताते हुए कहा कि वे पिछले 11 वर्षों से लगातार मां शारदा के दर्शन करने मैहर आ रहे हैं। महाराष्ट्र के चंद्रपुर निवासी डॉ. मीनाक्षी विकास मिश्रा ने भी दर्शनार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की तारीफ की। उन्होंने मंदिर परिसर में संचालित आशीर्वाद भोग प्रसाद की व्यवस्था को निरंतर जारी रखने की अपील की। नरसिंहपुर निवासी जगन्नाथ प्रजापति ने प्रशासनिक व्यवस्था के लिए आभार जताया। वहीं, दतिया निवासी धर्मेंद्र पटेल (सूरदास) ने पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो रहे हैं।

बीमार श्रद्धालु को पहुंचाया अस्पताल

नवरात्रि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की सक्रियता भी सामने आई। पन्ना जिले से मां शारदा के दर्शन करने पहुंचे 75 वर्षीय पन्नीलाल को तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य दल के डॉ. रवि द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग की जांच की। अत्यधिक बुखार और चक्कर आने की स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से सिविल अस्पताल भेजा गया।

आशीर्वाद भोग प्रसाद के लड्डुओं के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु

मां शारदा मंदिर प्रांगण में संचालित आशीर्वाद भोग प्रसाद व्यवस्था के तहत लड्डू प्राप्त करने के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। दर्शनार्थियों ने इसे अच्छी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

जिला प्रशासन का बड़ा फैसला

जानकारी के अनुसार मैहर नवरात्रि मेला अवधि 11 से 20 अक्टूबर तक मंदिर प्रशासन द्वारा ₹500 प्रति व्यक्ति शुल्क लेकर संचालित की जाने वाली शीघ्र दर्शन व्यवस्था को नवरात्रि मेले की अवधि तक स्थगित किया गया है। इस अवधि में मंदिर प्रशासन द्वारा शीघ्र दर्शन व्यवस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि अथवा अनुदान नहीं लिया जाएगा।

मंदिर प्रशासन ने कहा है कि शीघ्र दर्शन के नाम पर अगर कोई राशि लेता है, उसके विरुद्ध समिति कार्यालय में शिकायत करें। किसी को राशि न दें। यह भी चेताया गया है कि अगर मेला ड्यूटी में तैनात कोई पास धारी कर्मी, मीडिया प्रतिनिधि या अन्य लोग पास का दुरुपयोग व्यावसायिक दर्शन कराने में करते हैं तो वो भी कार्रवाई के दायरे में आयेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story