मैहर गौरव दिवस पर 3000 विद्यार्थी करेंगे सामूहिक कथक, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
मैहर गौरव दिवस पर 3000 विद्यार्थी करेंगे सामूहिक कथक, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी


मैहर, 3 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मैहर गौरव दिवस को खास बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गौरव दिवस के अवसर पर करीब 3000 विद्यालयीन छात्र-छात्राएं एक साथ 11 मिनट तक कथक नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने संवाद के दौरान मैहर गौरव दिवस के कार्यक्रमों और आगामी क्वार नवरात्रि की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौरव दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला सामूहिक कथक नृत्य प्रमुख आकर्षण रहेगा।

उन्‍होंने बताया कि क्वार नवरात्रि के दौरान मैहर में लगातार नौ दिनों तक प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया गया है।

प्रशासन की ओर से नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसी क्रम में इस बार मैहर में पहली बार 'ट्रेजर हंट' थीम पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

क्यूआर कोड से मिलेगा अगले पड़ाव का संकेत

ट्रेजर हंट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित शुरुआती स्थान से खेल की शुरुआत करनी होगी। यहां उन्हें एक क्यूआर कोड दिया जाएगा। इसे स्कैन करने पर अगले पड़ाव तक पहुंचने के लिए संकेत मिलेगा। प्रतिभागियों को मिले संकेत को समझकर अगले स्थान तक पहुंचना होगा। वहां उन्हें आगे के पड़ाव का नया संकेत मिलेगा।

इसी तरह प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को एक के बाद एक विभिन्न पड़ाव पार करने होंगे। निर्धारित अंतिम पड़ाव तक सबसे पहले पहुंचने वाले प्रतिभागी को विजेता घोषित कर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से नवरात्रि के कार्यक्रमों में रोमांच और उत्साह का नया रंग जुड़ेगा।

संवाद कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मैहर गौरव दिवस और क्वार नवरात्रि के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न सवाल कलेक्टर के सामने रखे। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने सवालों के जवाब देने के साथ ही पत्रकारों की ओर से दिए गए सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story