मैहर वाद्य वृंद की राग मिश्र किरवानी की प्रस्तुति ने श्रोताओं को किया भावविभोर

WhatsApp Channel Join Now
मैहर वाद्य वृंद की राग मिश्र किरवानी की प्रस्तुति ने श्रोताओं को किया भावविभोर


मैहर वाद्य वृंद की राग मिश्र किरवानी की प्रस्तुति ने श्रोताओं को किया भावविभोर


मैहर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा पद्मविभूषण उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब की स्मृति में आयोजित 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां समारोह का शुभारंभ शनिवार को मैहर खेल मैदान में हुआ। समारोह के उद्घाटन अवसर पर मैहर वाद्य वृंद के कलाकारों ने पद्मविभूषण उस्ताद अली अकबर खां द्वारा रचित राग मिश्र किरवानी की प्रस्तुति देकर संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुति के बाद करीब 10 मिनट तक पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

समारोह का शुभारंभ सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गीता सोनी, संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय, उस्ताद अलाउद्दीन खां अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, स्थानीय कार्यक्रम समिति के सचिव डॉ. केसी जैन एवं कमलेश सुहाने की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मैहर वाद्य वृंद की प्रस्तुति में नलतरंग पर सौरभ कुमार चौरसिया, वायलिन पर जीपी पाण्डेय (उत्तम पाण्डेय), तबला पर कमल किशोर माहौर, हारमोनियम पर गौतम भारती, सरोद पर बृजेश कुमार द्विवेदी, सारंगी पर अहमद खान, तबला पर डॉ. अशोक बाडोलिया तथा सितार पर राम सुमन चौरसिया ने संगत की। कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति ने श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की सुरमयी अनुभूति कराई।

समारोह में कोलकाता के अरिंदम भट्टाचार्य एवं अन्य कलाकारों ने सरोद और गायन की जुगलबंदी प्रस्तुत की। वहीं कथक नृत्यांगना श्यामवी शुक्ला मिश्रा ने श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रसंग पर आधारित नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। शास्त्रीय गायन में पंडित प्रसाद खापर्डे तथा भरतनाट्यम में पद्मश्री गीता चंद्रन की प्रस्तुतियां भी समारोह के आकर्षण में शामिल रहीं।

इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह ने कहा कि संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत की विविधता और उत्कृष्टता को अनुभव करने का अवसर मिल रहा है।

समारोह के शुभारंभ से पूर्व अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित मदीना भवन पहुंचकर उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब के मकबरे पर चादरपोशी की रस्म अदा की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मदीना भवन को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था।

समारोह में सैकड़ों की संख्या में संगीत एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे। देर रात तक चलने वाले आयोजन के लिए श्रोताओं के बैठने, वाहनों की पार्किंग और पेयजल की व्यवस्था की गई है। 52वां उस्ताद अलाउद्दीन खां समारोह भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा के संरक्षण और देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story