युवाओं को भ्रमित कर देश में वैचारिक मतभेद पैदा करने की कोशिश : श्रीकांत चतुर्वेदी

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को भ्रमित कर देश में वैचारिक मतभेद पैदा करने की कोशिश : श्रीकांत चतुर्वेदी


मैहर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में शुक्रवार को 'भारतीय लोकतंत्र और सोशल मीडिया' विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी रहे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, समिति सदस्य आलोक अग्रवाल, जितेंद्र पटेल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि युवाओं की जागरूकता, स्वतंत्र विचार और सक्रिय भागीदारी ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर युवा अपने विचारों और कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी मजबूत कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को भ्रमित कर देश में वैचारिक मतभेद पैदा करने की कोशिश की जा रही है। इससे देश कमजोर होगा। कुछ अवसरवादी तत्व देश की बढ़ती युवा शक्ति को कमजोर करना चाहते हैं। ऐसे में युवाओं को सजग रहकर इन परिस्थितियों पर चिंतन करना चाहिए और राष्ट्र निर्माण के लिए मजबूती से आगे बढ़ना चाहिए।

चतुर्वेदी ने कहा कि देश की 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवा यदि शिक्षित, कुशल और संस्कारी बनेगा तो विकसित भारत 2047 का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को केवल श्रोता बनाना नहीं, बल्कि नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनाना है।

कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी की पहली सीढ़ी मतदाता सूची में नाम दर्ज होना है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की। साथ ही अपने परिवार और मोहल्ले के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story