मैहरः शासकीय मत्स्य उत्पादन केंद्र पौड़ी से कई जिलों को प्रदाय हो रहे मत्स बीज

WhatsApp Channel Join Now
मैहरः शासकीय मत्स्य उत्पादन केंद्र पौड़ी से कई जिलों को प्रदाय हो रहे मत्स बीज


मैहरः शासकीय मत्स्य उत्पादन केंद्र पौड़ी से कई जिलों को प्रदाय हो रहे मत्स बीज


मैहर, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए शासकीय मत्स्य उत्पादन केंद्र पोड़ी में मछली बीज उत्पादन एवं वितरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। केंद्र पर इस वर्ष मुख्य रूप से कतला, रोहू एवं मृगल प्रजाति के मछली बीज (मिक्स फ्राई) का उत्पादन कर मत्स्य पालकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

शासकीय मत्स्य उत्पादन केंद्र पोड़ी में वर्ष 2026-27 के लिए 2.50 करोड़ मत्स्य बीज की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मत्स्य बीज की बिक्री अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ की गई है। अब तक लगभग 53 लाख 28 हजार मत्स्य बीज की बिक्री की जा चुकी है। विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य को मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाने की संभावना है। वर्ष 2025-26 में केंद्र को 2.25 करोड़ मत्स्य बीज बिक्री का लक्ष्य निर्धारित गया था।

सहायक संचालक मत्स्य तरुण कांत पटेल एवं सहायक मत्स्य अधिकारी स्वरांजन सिंह बघेल ने बताया कि केंद्र पर तैयार किए जा रहे मिक्स फ्राई में मुख्य रूप से कतला, रोहू एवं मृगल प्रजाति के मछली बीज शामिल हैं। इन बीजों को निर्धारित शासकीय दर पर मत्स्य पालकों को उपलब्ध कराया जाता है। किसान इन मछली बीजों को खरीदकर अपने तालाबों एवं पोखरों में संचय करते हैं।

शासकीय मत्स्य उत्पादन केंद्र पोड़ी की मछली बीज की मांग जिले के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों सागर, दमोह, पन्ना, रीवा, मऊगंज एवं जबलपुर से मत्स्य पालक एवं खरीदार मछली बीज क्रय करने के लिए केंद्र पहुंच रहे हैं। जहां उन्हें बेहतर व्यवस्था के साथ उपलब्ध कराया जाता है। मत्स्य बीज की बिक्री निर्धारित शासकीय दर पर की जाती है। खरीदार द्वारा चालान के माध्यम से राशि का भुगतान किया जाता है। बिक्री के समय मत्स्य बीज अंतरण प्रमाण-पत्र की पर्ची भी जारी की जाती है, जिसमें मछली बीज की प्रजाति, संख्या, निर्धारित दर एवं कुल राशि का विवरण दर्ज रहता है। इस व्यवस्था के माध्यम से मत्स्य बीज के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story