मैहरः विजली समस्यायो को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन कर कार्यपालन अभियंता को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
मैहरः विजली समस्यायो को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन कर कार्यपालन अभियंता को सौंपा ज्ञापन


मैहर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर विधानसभा के क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेता मैहर नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी के नेतृत्व में ग्रामीणों और किसानों ने विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट के स्थायी समाधान की मांग की। आंदोलन के दौरान कार्यपालन अभियंता (डीई) स्वयं स्थल पर पहुंचे, आंदोलनकारियों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने ज्ञापन प्राप्त करते हुए भरोसा दिलाया कि उठाई गई समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन में बताया गया कि जिले के कई विद्युत वितरण केंद्रों में विद्युत केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्षों से उपभोक्ता पर्याप्त बिजली आपूर्ति से वंचित हैं। मांग की गई कि क्षतिग्रस्त केबलों को तत्काल बदला जाए तथा बढ़ते लोड को देखते हुए 100 केवीए के स्थान पर 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाएं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कम बारिश के कारण किसान पहले से ही प्राकृतिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में जले हुए ट्रांसफार्मरों और बाधित विद्युत आपूर्ति के कारण सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। जरियारी नादन सर्किल करौंदी नरवर सहित कई गांवों में फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच रही हैं। किसानों ने कृषि कार्य हेतु बिजली आपूर्ति की समय-सीमा बढ़ाने और जले ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story