सीएसआर निधि से मैहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, छह आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
सीएसआर निधि से मैहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, छह आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण


मैहर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर जिले में उद्योगों की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि को स्थानीय विकास कार्यों से जोड़ने की पहल अब जमीन पर दिखाई देने लगी है। जिला प्रशासन के प्रयासों से सीएसआर मद की राशि का बड़ा हिस्सा शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के विस्तार पर खर्च किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य आने वाले समय में लगभग 70 प्रतिशत सीएसआर राशि को जिले के विकास कार्यों में उपयोग करना है।

इसी क्रम में जिले को छह नए आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों की सौगात मिली है। इन केंद्रों का लोकार्पण प्रदेश की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर विदिशा मुखर्जी की उपस्थिति में किया। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जिला प्रशासन की पहल रूपांतरण मैहर – विकास रंग, सहभागिता के संग अभियान के तहत गोलामठ, किला, उदयपुर, पटेरा और नानापुर क्षेत्र में छह नए आंगनवाड़ी केंद्र तैयार किए गए हैं। इनमें तीन केंद्र अल्ट्राटेक सीमेंट तथा तीन केंद्र आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से बनाए गए हैं।

नवनिर्मित केंद्रों में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक शिक्षण वातावरण, खेल सामग्री, पोषण संबंधी सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए भी बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि उद्योगों की सीएसआर निधि को जनकल्याण से जोड़ने की यह पहल जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनका मानना है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में इस तरह के प्रयास भविष्य में मैहर के विकास को नई गति देंगे तथा उद्योग, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय का उदाहरण बनेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story