मैहरः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, प्याज की माला पहनकर निकाला विरोध मार्च
मैहर, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों, बेरोजगारी तथा बिजली की समस्याओं के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैहर द्वारा प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत गुरुवार को विशाल विरोध प्रदर्शन एवं मार्च निकाला गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई ‘रोमी’ एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश प्रजापति ने किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। अनोखे विरोध प्रदर्शन के तहत नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गले में प्याज की माला पहनकर नगर भ्रमण किया और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आदेशानुसार यह आंदोलन किया जा रहा है। शक्कर, राशन, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बेतहाशा बढ़ती दरों से सामान्य वर्ग, गरीब और खेतीहर मजदूरों के जीवन पर बुरा असर पड़ रहा है।
विशाल विरोध मार्च और नगर भ्रमण के पश्चात कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने पहुंचा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आसमान छूती महंगाई, बिजली की समस्याओं और ईंधन के दामों में राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में और अधिक उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में ये वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमापति गौतम, केशव प्रसाद चौरसिया, नागेंद्र बढ़ैगया, अरुण तनय मिश्र,चूड़ामणि सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

