मैहरः कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अतिवर्षा से जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मैहरः कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अतिवर्षा से जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण


मैहर, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले की कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने शनिवार को जिले की सीमाई क्षेत्रों में अतिवर्षा के कारण जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बेला-गोविंदगढ़ स्टेट हाईवे पर मुर्जुआ नदी में बने ब्रिज का भी निरीक्षण किया।

कलेक्टर मुखर्जी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को ब्रिज पर हो रहे जलभराव की समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमरपाटन क्षेत्र के मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी के आसपास बीहर नदी एवं मुर्जुआ नदी सहित अन्य नदियों पर बने ऐसे सभी ब्रिजों को चिह्नित किया गया है, जहां अतिवृष्टि के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित होती है और आवागमन बाधित होता है।

कलेक्टर ने जानकारी दी कि ऐसे सभी स्थानों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक टीम गठित की जाएगी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकतानुसार पुलों के निर्माण एवं सुधार कार्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि अतिवर्षा के दौरान आवागमन सुचारु रहे और मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी आने वाले पर्यटकों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत मुकुंदपुर चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिले के रामनगर ब्लॉक के बाणसागर डैम सीमा से लगे ग्रामीण अंचलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मर्यादपुर, बुढ़वा पुल, चरखी घाटी तथा बाढ़ सागर डैम पर बने पुल का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की व्यवस्थाओं एवं स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भारी बारिश के दौरान बढ़ने वाले जल स्तर एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी विद्या भूषण मिश्रा, , रामनगर एसडीएम,, एसडीओपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story