जनसुनवाई में संवेदनशीलता की मिसाल, कलेक्टर ने आवेदकों को कुर्सी पर बैठाकर सुनीं समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में संवेदनशीलता की मिसाल, कलेक्टर ने आवेदकों को कुर्सी पर बैठाकर सुनीं समस्याएं


मैहर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की एक सराहनीय झलक देखने को मिली। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों को अपने समक्ष सम्मानपूर्वक कुर्सी पर बैठाकर उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं।

कलेक्टर ने न केवल हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी, बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के स्पष्ट निर्देश भी दिए। उनके इस व्यवहार ने आमजन के प्रति प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता को मजबूती से रेखांकित किया।

जनसुनवाई में अपर कलेक्टर संजना जैन, एसडीएम मैहर दिव्या पटेल और डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल भी मौजूद रहीं। सभी अधिकारियों ने क्रमवार आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

इस पहल से न केवल समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ा, बल्कि आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का भाव भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story