मैहर में जनविश्वास शिविर बना महिला नेतृत्व का उदाहरण, मंच से महिलाओं ने किया ग्रामीणों से सीधा संवाद
मैहर, 21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को मैहर जिले की ग्राम पंचायत ताला स्थित शासकीय महाविद्यालय में आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनविश्वास शिविर महिला नेतृत्व और जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर में जिला प्रशासन, महिला जनप्रतिनिधियों और महिला अधिकारियों ने मंच से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता परिहार, जनपद अध्यक्ष अमरपाटन माया पांडे, जिला पंचायत सदस्य तारा पटेल, जनपद सदस्य कल्पना सिंह, अपर कलेक्टर संजना जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल नागर, एसडीओपी ख्याति मिश्रा, एसडीएम डॉ. आरती सिंह, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल तथा ग्राम पंचायत ताला की सरपंच ज्योति सिंह मंच पर मौजूद रहीं। मंच पर महिलाओं की सक्रिय और प्रभावी मौजूदगी ने महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व का सकारात्मक संदेश दिया।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने शिविर के दौरान अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों और आकाशीय बिजली से पशुधन की क्षति के मामलों में तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित एसडीएम और विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए।
शिविर के दौरान कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला पहाड़ टोला के शिक्षक रामभुवन वर्मा और शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुशमहट टोला के शिक्षक धर्मेंद्र सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीणों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
जनविश्वास शिविर में प्राप्त आवेदनों में से लगभग 75 प्रतिशत का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों की टीमों को निर्देशित किया गया। शिविर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, सीमांकन, पेयजल, विद्युत ट्रांसफार्मर और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में महिला जनप्रतिनिधियों और महिला अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया। प्रशासन ने इसे सुशासन और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत सदस्य हरीशकांत त्रिपाठी, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

