मैहरः ग्राम देवरी में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का शिविर आयोजित
मैहर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत देवरी में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल की उपस्थिति में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखें।
शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 123 समस्याएं एवं माँगो के आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में प्राप्त ग्राम गोरसरी के शासकीय विद्यालय के सामने मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग पर त्वरित स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत गजास आईंएसओ 9001: 2015 सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाली जिले की पहली ग्राम पंचायत बनी
शिविर में ग्राम पंचायत गजास को गुणवत्ता पूर्ण सर्विस प्रदायगी पर आईंएसओ 9001: 2015 सर्टिफिकेट मिलने पर शुभकामनाएं दी गई। कलेक्टर मुखर्जी ने इस अवसर पर सम्बंधित ग्राम पंचायत सरपंच को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर में शासकीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
शिविर में स्थानीय उद्यमियों ने संवाद किया
शिविर में रामनगर विकासखंड के उद्यमी शिवांशु गुप्ता ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत 4 लाख की प्राप्त राशि से बेकरी का बिजनेस शुरू किया और आज स्थानीय स्तर पर उत्पाद बिक्री कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ हुए हैं।सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा उन्हें सम्पूर्ण सहायता की गई है।
शिविर में रामनगर की बालिका ने जानकारी दी कि नीट परीक्षा की तैयारी कर रही है इस पर कलेक्टर मुखर्जी ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि छात्रा की परीक्षा तैयारी में शिक्षा विभाग द्वारा सम्पूर्ण मदद की जाये।
कलेक्टर ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसरेस से संवाद किया
शिविर में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर विंध्य प्रदेश पेज के संचालक अभिषेक मिश्रा ने कलेक्टर मुखर्जी से संवाद कर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान और शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और मैहर जिले के पर्यटन केंद्रों विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, मार्कण्डेय आश्रम आदि स्थानों के बारे में जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की और आवश्यक सुझाव प्राप्त किए।
एडीएम के निर्देशन में विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के स्टॉल शिविर में लगाए गए
एडीएम रोशन राय के निर्देशन में विभिन्न विभागों द्वारा विभागों द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं के स्टॉल लगाकर योजनाओं का हितलाभ वितरित किया गया। विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे लाडली बहना , लाडली लक्ष्मी , मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पीएम आवास,प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना आदि योजनाओं की जानकारी नागरिकों को प्रदान की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

