मैहरः मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान समाधान शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
मैहर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायत बदेरा में शुक्रवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं, शिकायतें और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे।
कार्यक्रम में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शिविर में रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, सामाजिक न्याय, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनपद पंचायत तथा अन्य विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए थे। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी स्वीकार किए गए।
शिविर में भूमि संबंधी विवाद, नामांतरण, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी और अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने भी ग्रामीणों से संवाद करते हुए कानून व्यवस्था, साइबर अपराध से बचाव और जनसुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति और मौके पर किए गए त्वरित निराकरण से लोगों ने समाधान शिविर की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

