मैहरः भाजपा प्रदेशध्यक्ष ने मां शारदा के दर्शन कर प्रदेश के सुख समृद्धि हेतु की मंगल कामना
मैहर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में भाजपा प्रदेशध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने रविवार को विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर पहुंचकर मां शारदा के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर मां शारदा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश एवं जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर दर्शन के पश्चात विधायक खंडेलवाल का मंदिर प्रबंध समिति एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। विधायक खंडेलवाल ने मां शारदा माता मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, संतोष सोनी, विकास तिवारी कुलदीप तिवारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से किया आत्मीय संवाद
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत मां शारदा प्रबंधक समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की सेवा एवं सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सह जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह, सांसद गणेश सिंह तथा विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की और उनकी सेवा कर सम्मानित किया।
विधायक खंडेलवाल ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य,आवश्यकताओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का भाव व्यक्त किया। इस अवसर पर वृद्धजनों को सम्मानित कर उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत मां शारदा प्रबंधक समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक हेमंत खण्डेलवाल और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उनकी आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने वृद्धजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को और अधिक मजबूत करना है। ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से विभिन्न वर्गों के प्रति सहयोग एवं सम्मान का संदेश दिया जा रहा है। वृद्धजनों की सेवा इसी मानवीय भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

