नवरात्रि में मां शारदा के दर्शन होंगे आसान, मैहर में रुकेंगी 14 जोड़ी ट्रेनें
भोपाल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों को पांच मिनट का अस्थायी ठहराव, 11 से 22 अक्टूबर तक निर्धारित तिथियों पर मिलेगी सुविधा
भोपाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मैहर में नवरात्रि मेले के दौरान मां शारदा के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने राहत दी है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली 14 जोड़ी ट्रेनों को मैहर स्टेशन पर पांच मिनट का अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि यह व्यवस्था 11 से 22 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित तिथियों पर लागू रहेगी। कुछ ट्रेनों के लिए ठहराव की तिथियां 10 अक्टूबर से भी निर्धारित हैं। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार, नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। निर्धारित तिथियों पर संबंधित ट्रेनें मैहर स्टेशन पर पांच मिनट रुकेंगी। इससे मां शारदा मंदिर में दर्शन के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा।
इन 14 जोड़ी ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मैहर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव पाने वाली ट्रेनों में एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस, एलटीटी-छपरा एक्सप्रेस, चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस, वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस, एलटीटी-रक्सौल एक्सप्रेस और पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्णा-पटना एक्सप्रेस, एलटीटी-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस, एलटीटी-रांची एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस, पुणे-बनारस एक्सप्रेस, एलटीटी-गुवाहाटी एक्सप्रेस और सूरत-छपरा एक्सप्रेस को भी निर्धारित तिथियों पर मैहर स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।
ट्रेन के अनुसार अलग-अलग तिथियां
रेलवे ने अलग-अलग ट्रेनों के लिए ठहराव की तिथियां और समय निर्धारित किए हैं। कुछ ट्रेनों को कई दिनों तक, जबकि कुछ को सीमित तिथियों पर ही मैहर में रोका जाएगा। इसलिए यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन के ठहराव की तारीख और समय की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
एनटीईएस और 139 से लें जानकारी
रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। इसके लिए रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस), रेल मदद या हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग किया जा सकता है। निर्धारित अवधि में अस्थायी ठहराव की यह व्यवस्था नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की रेल यात्रा को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

