राजगढ़ः नल-जल योजना की पाइपलाइन बिछी, नलों में नहीं आया पानी तो महिलाओं ने केन लेकर हाईवे पर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः नल-जल योजना की पाइपलाइन बिछी, नलों में नहीं आया पानी तो महिलाओं ने केन लेकर हाईवे पर लगाया जाम


राजगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछने के बावजूद घरों में पानी नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर चक्काजाम कर दिया। ब्यावरा शहर से लगे ग्राम अरनिया की महिलाओं और पुरुषों ने गुना रोड स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के सामने पानी की केन लेकर प्रदर्शन किया। अचानक हुए प्रदर्शन से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। हालांकि, जाम नहीं खुलने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को सड़क से हटाया। इस दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि अरनिया गांव की कॉलोनी में करीब 50 घर हैं, जिनमें 200 से 300 लोग रहते हैं। दो-तीन साल पहले नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाकर घरों में नल कनेक्शन भी दे दिए गए थे, लेकिन नियमित जलापूर्ति आज तक शुरू नहीं हुई। स्थिति यह है कि महीने में केवल एक बार पानी आता है और वह भी महज 10 से 15 मिनट के लिए। इसके बाद पूरे महीने परिवारों को पानी की व्यवस्था के लिए परेशान होना पड़ता है।

रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में न तो हैंडपंप है और न ही पानी का कोई अन्य वैकल्पिक साधन। ऐसे में परिवारों को करीब दो किलोमीटर दूर स्थित कुओं से पानी लाना पड़ता है। कभी-कभार पैसे खर्च कर टैंकर मंगवाना पड़ता है। घर के सदस्यों को अपने जरूरी काम छोड़कर पानी जुटाने में समय लगाना पड़ता है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि मोई गांव में बनी पानी की टंकी से अरनिया गांव में जलापूर्ति की जा रही है, लेकिन उनकी कॉलोनी तक पानी नहीं पहुंचता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पाइपलाइन तोड़कर खेतों की सिंचाई के लिए पानी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे बच्चों के बीमार होने की समस्या सामने आ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पेयजल के साथ बिजली की समस्या का भी निराकरण कराने की मांग की।

चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीओपी प्रकाश शर्मा, सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और यातायात थाना प्रभारी देवनारायण पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पहले महिलाओं से हाईवे खाली करने की अपील की। इसके बाद भी जाम नहीं खुलने पर सख्ती बरतते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया गया। रहवासियों ने प्रशासन से कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति शुरू कराने और पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story