महिला मोर्चा मंगलवार काे भोपाल में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में निकालेगा मशाल जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
महिला मोर्चा मंगलवार काे भोपाल में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में निकालेगा मशाल जुलूस


भोपाल, 27 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में बड़े जनसंदेश का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार, 28 अप्रैल को भोपाल में महिला मोर्चा द्वारा मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

अश्विनी परांजपे ने जानकारी दी कि यह मशाल जुलूस शाम 5 बजे सोमवारा पुलिस चौकी से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए लखेरापुरा तक निकलेगा। इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, महिला मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जुलूस नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान के समर्थन का प्रतीक है। महिला मोर्चा के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि प्रदेश और देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना

परांजपे ने ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम का विरोध करने को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह महिलाओं के अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में इस महत्वपूर्ण विधेयक को रोककर महिलाओं को उनका हक देने में बाधा डाली गई।

महिलाओं को जागरूक करने का संकल्प

इससे पहले महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया। परांजपे ने कहा कि देश की महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और उन्हें रोकने या कमजोर करने की कोशिश करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story