भोपाल में महिला कांग्रेस का 'धक्का मार्च', स्कूटी को धक्का लगाकर पेट्रोल पंप पहुंचीं कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में महिला कांग्रेस का 'धक्का मार्च', स्कूटी को धक्का लगाकर पेट्रोल पंप पहुंचीं कार्यकर्ता


- पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने की मांग

भोपाल, 16 मई (हि.स.) । राजधानी भोपाल में शनिवार को पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने एक बेहद अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और स्कूटी को धक्का लगाते हुए न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप पहुंचीं।

इस 'धक्का मार्च' के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेट्रोल पंप पर प्रतीकात्मक रूप से ईंधन भरवाकर कीमतों को तुरंत कम करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की यह मार सिर्फ किसी एक पर नहीं, बल्कि पूरे देश की आम जनता पर पड़ रही है। ईंधन के दाम बढ़ने से इसका सीधा असर आम आदमी के घर के बजट पर होता है, जिससे रसोई के राशन से लेकर हरी सब्जियों तक हर जरूरी चीज महंगी हो जाती है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब भी कोई संकट आता है तो सरकार जनता से सहयोग की उम्मीद करने लगती है, लेकिन महंगाई को कम करने के लिए उसके पास कोई ठोस रणनीति नजर नहीं आती। यही वजह है कि आज महिलाओं को मजबूरन अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आवाज उठानी पड़ रही है।

इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता रोशनी यादव ने भी सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल का 100 रुपए के पार पहुंचना और डीजल की कीमतों में लगातार हो रहा इजाफा मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ रहा है। ईंधन महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ जाता है, जिससे रोजमर्रा की हर जरूरत की चीजें महंगी हो जाती हैं। रोशनी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ चुनाव के समय ही जनता की हितैषी बनती है और चुनाव खत्म होते ही तुरंत पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए जाते हैं। उन्होंने चुनावी वादों को याद दिलाते हुए कहा कि चुनाव बीत जाने के बाद न तो रसोई गैस सिलेंडर 400 रुपए का हुआ और न ही लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए मिले।

हालांकि, इस पूरे प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरीं कई प्रमुख महिला कार्यकर्ता प्रदर्शन खत्म होते ही अपनी-अपनी चार पहिया गाड़ियों में बैठकर वहां से रवाना हो गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story