सागरः महावीर जयंती पर भव्य शोभायात्रा में चांदी की पालकी में निकले भगवान महावीर

WhatsApp Channel Join Now
सागरः महावीर जयंती पर भव्य शोभायात्रा में चांदी की पालकी में निकले भगवान महावीर


सागर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में सोमवार को जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। सुबह करीब 8 बजे कटरा स्थित गौराबाई दिगंबर जैन मंदिर से भव्य विमान शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा।

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा रही, जिन्हें चांदी की भव्य पालकी में विराजमान किया गया था। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ पालकी को कंधा देकर और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा में शामिल विभिन्न आकर्षक झांकियों ने भगवान महावीर के जीवन दर्शन और उनके अहिंसा के संदेश को जीवंत कर दिया।

गौराबाई मंदिर से शुरू होकर यह शोभायात्रा शहर के मुख्य चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों से गुजरी। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं ने भजनों और भक्ति गीतों पर नृत्य किया। स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा भक्ति भाव के साथ मोराजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस धार्मिक महोत्सव में आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता की झलक भी देखने को मिली। शोभायात्रा में सागर विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने भगवान के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story