महात्मा गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी की भजन संध्या

WhatsApp Channel Join Now
महात्मा गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी की भजन संध्या


भोपाल, 1 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को भोपाल के रवीन्द्र भवन में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन की ओर से आयोजित ‘एकै राम रहीम भजन संध्या’ में युवा बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी और उनके दल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम शाम 6.30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

सुनील लोधी मध्यप्रदेश के युवा भजन गायकों में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। ‘हनुमान अंश’ फिल्म के चर्चित गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैय्या डार दई’ से उन्हें व्यापक पहचान मिली। अल्प समय में ही उन्होंने देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

बचपन से ही गायन में रुचि रखने वाले सुनील लोधी गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भक्ति गीत प्रस्तुत करते रहे हैं। वे स्वयं भी गीतों की रचना करते हैं। ट्रेन के सफर के दौरान अपने भजनों की प्रस्तुति देकर उन्होंने यात्रियों का मनोरंजन किया और अपनी गायकी के लिए लोगों की सराहना हासिल की।

दृष्टिहीन होने के बावजूद सुनील लोधी ने अपनी विशिष्ट आवाज और बुंदेली लोक गायन शैली के माध्यम से अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया के जरिए भी उनके भजनों को काफी लोकप्रियता मिली। इसके बाद ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गीत ने उनकी लोकप्रियता को और व्यापक स्तर पर पहुंचाया।

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस भजन संध्या में सुनील लोधी और उनके दल की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। आयोजन के लिए रवीन्द्र भवन में तैयारियां की गई हैं और श्रोताओं के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story