महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के नवनियुक्त अध्यक्ष कौशल शर्मा ने किया पदभार ग्रहण

WhatsApp Channel Join Now
महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के नवनियुक्त अध्यक्ष कौशल शर्मा ने किया पदभार ग्रहण


भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों को पुष्प अर्पित करने के पश्चात किया पदभार ग्रहण

भोपाल, 04 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के नवनियुक्त अध्यक्ष कौशल शर्मा ने पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात उन्होंने संस्थान पहुंचकर विधि विधान से पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया।

महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि मैंने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का संकल्प लिया है। उन्हाेंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे कार्य करने का अवसर प्रदान किया हैं। मैं महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान की कार्यप्रणाली को समझकर मध्यप्रदेश के उन्नति के लिए कार्य करूंगा। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण केंद्र है। संस्था के माध्यम से संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, शोध, अध्ययन एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सके।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story