रीवा में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की महारैल़ी सोमवार को, आम आदमी पार्टी ने पूरी की तैयारी

रीवा में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की महारैल़ी सोमवार को, आम आदमी पार्टी ने पूरी की तैयारी


भोपाल, 17 सितंबर (हि.स.)। रीवा में सोमवार, 18 सितंबर को होने वाली महारैली को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी बीएस जून, प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल, सह प्रभारी दिनेश चड्ढा और राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज सिंह ने रविवार को रीवा में पत्रकार वार्ता की। प्रदेश प्रभारी बीएस जून ने जानकारी देते हुए कहा कि महारैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान आ रहे हैं। सोमवार को दोपहर 2 बजे अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान रीवा पहुंचकर महारैली को संबोधित करेंगे।

आप के सह प्रभारी दिनेश चड्ढा ने कहा कि महारैली को लेकर सभी तैयारियां लगभग हो चुकी हैं। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के लिए मंच तैयार किया गया है। इसके अलावा महारैली में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग डोम तैयार किए गए हैं।

आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि रीवा में होने वाली महारैली में 1 लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे। विंध्य में होने वाली आप की ये रैली ऐतिहासिक और अविस्मरणीय होने वाली है। उन्होंने कहा कि ये रैली मध्य प्रदेश की राजनीति को एक अलग दिशा देने वाली और परिवर्तनकारी साबित होगी।

वहीं आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों से तंग आ चुकी है और अब बदलाव चाहती है। एमपी के लोगों ने दिल्ली और पंजाब के विकास कामों को देखा है और इसलिए अब लोग आम आदमी पार्टी की ओर उम्मीद की नजर से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता मन बना चुकी है, आम आदमी पार्टी तैयार है। अबकी बार मध्य प्रदेश में बदलाव तय है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story