राजगढ़ः महाराजा अजमीढ़ जयंती पर निकला भव्य चल समारोह, बालिकाओं ने दिखाए करतब

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः महाराजा अजमीढ़ जयंती पर निकला भव्य चल समारोह, बालिकाओं ने दिखाए करतब


राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा नगर में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के तत्वावधान में रविवार को महाराजा अजमीढ़ जयंती के अवसर पर भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह दोपहर करीब 3ः30 बजे सराफा बाजार स्थित रघुनाथ मंदिर से शुरू हुआ,जो सुभाष चैक, कपड़ा बाजार, पीपल चैराहा और राजगढ़ रोड स्थित राधाकृष्ण मंदिर से होते हुए वल्लभा परिसर पहुंचा। रास्ते में विभिन्न संगठनों ने समारोह का स्वागत किया। वल्लभा परिसर में समाज की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

चल समारोह में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार,पूर्व जिला भाजपा महामंत्री अमित शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू यादव, स्वर्णकार विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनवारी सोनी, समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल सोनी, अध्यक्ष उमाशंकर शंकर सोनी, पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश सोनी, संजय पांचम, युवा अध्यक्ष नटवर सोनी और महिला अध्यक्ष कंचन सोनी,मीडिया प्रभारी गोविंद सोनी सहित समाज के कई लोग शामिल हुए।

बालिकाओं ने अखाड़े में दिखाए हैरतअंगेज करतब

चल समारोह का मुख्य आकर्षण समाज की बालिकाओं का अखाड़ा रहा। बालिकाओं ने तलवार और लट्ठ घुमाकर विभिन्न करतब दिखाए। उनके प्रदर्शन को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी। बालिकाओं ने अपने कौशल से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों का सम्मान

समाज के महिला मंडल की ओर से जूनियर डांस, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, कलश डेकोरेशन, मां-बेटी कपल डांस, सीनियर सिटीजन गेम और वन मिनट ग्रुप गेम शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें भाग लेने वाले बच्चों, महिलाओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन के माध्यम से समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story