महाकाल की शरण में पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेटर यास्तिका भाटिया, परिवार संग भस्म आरती में शामिल हाेकर लिया आशीर्वाद
उज्जैन, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने रविवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे अपने परिवार के साथ पवित्र भस्म आरती में शामिल हुईं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
रविवार सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भव्य भस्म आरती का आयोजन हुआ, जिसमें यास्तिका भाटिया ने श्रद्धा के साथ सहभागिता की।
मंदिर में पहुंचकर उन्होंने पारंपरिक धार्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना की और आध्यात्मिक अनुभव साझा किया। दर्शन के बाद उन्होंने बताया कि बाबा महाकाल के दर पर आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक शांति और संतोष की अनुभूति हुई। गौरतलब है कि यास्तिका भाटिया ने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और वर्तमान में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में शुमार हैं।
विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई भस्म आरती
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में वैशाख माह के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि रविवार काे तड़के 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। भस्म आरती विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर भगवान महाकाल का दिव्य श्रृंगार किया गया। आरती से पहले मंदिर के पुजारियों ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया, इसके बाद पंचामृत—दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस—से अभिषेक संपन्न हुआ। भांग, चंदन, त्रिशूल और पुष्पों से भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंत्रोच्चार और कपूर आरती के बीच ज्योतिर्लिंग पर भस्म अर्पित की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल को रजत मुकुट, रुद्राक्ष माला और सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर “जय महाकाल” के जयघोष से गूंज उठा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

