मप्र में अब तक 12.10 लाख किसानों से हुई 87.71 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी
भोपाल, 18 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में अभी तक 12 लाख 10 हजार 785 किसानों से 87 लाख 71 हजार 485 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। तौल पर्ची बनाने का समय शाम 6 बजे से बढ़ाकर रात 10 बजे तक तथा देयक जारी करने का समय रात 12 तक कर दिया गया है। गेहूँ का उपार्जन सप्ताह में 6 दिन सोमवार से शनिवार तक किया जा रहा है।
खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने सोमवार को बताया कि गेहूँ उपार्जन 23 मई 2026 तक किया जायेगा। प्रत्येक उपार्जन केन्द्र पर तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 की गई तथा तौल कांटों की संख्या में वृद्धि का अधिकार जिलों को दिए जाने का निर्णय लिया गया। खाद्य विभाग द्वारा प्रति घंटा उपार्जन की मॉनिटरिंग की जा रही है।
मंत्री राजपूत ने बताया कि किसानों को 10 लाख 19 हजार 138 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उपार्जित गेहूँ में से 75 लाख 95 हजार 792 मीट्रिक टन का परिवहन किया जा चुका है। किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भोपाल संभाग में 24 लाख 62 हजार 136, उज्जैन संभाग में 20 लाख 23 हजार 374, नर्मदापुरम संभाग में 7 लाख 11 हजार 481, जबलपुर संभाग में 9 लाख 91 हजार 141, सागर संभाग में 7 लाख 23 हजार 926, ग्वालियर संभाग में 3 लाख 66 हजार 345, रीवा संभाग में 5 लाख 17 हजार 985, इंदौर संभाग में 7 लाख 17 हजार 229, चंबल संभाग में एक लाख 96 हजार 685 और शहडोल संभाग में 61 हजार 183 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

