मध्य प्रदेश में अप्रैल में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहले सप्ताह आंधी-बारिश, फिर 15 से पड़ेगी भीषण गर्मी

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में अप्रैल में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहले सप्ताह आंधी-बारिश, फिर 15 से पड़ेगी भीषण गर्मी


मध्य प्रदेश में अप्रैल में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहले सप्ताह आंधी-बारिश, फिर 15 से पड़ेगी भीषण गर्मी


भोपाल, 01 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में अप्रैल का महीना मौसम के बड़े उतार-चढ़ाव के साथ शुरू हो रहा है। जहां महीने के पहले सप्ताह में आंधी, बारिश और ओलों का असर देखने को मिलेगा, वहीं 15 अप्रैल के बाद प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 4 अप्रैल तक प्रदेश के लगभग आधे हिस्से में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया गया है। आज बुधवार को इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कुल 29 जिलों में चेतावनी दी गई है। अगले 24 घंटों में ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार और बड़वानी में मौसम बदलने की संभावना है।

पिछले दो दिनों से प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 12 जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि 41 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर रहा। मंगलवार को धार जिले के कुक्षी और मनावर में ओले गिरे, वहीं कई जगह रात में भी मौसम सक्रिय रहा। हालांकि, इन बदलावों के बीच गर्मी का असर भी कम नहीं हुआ है। नर्मदापुरम में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 39.2 डिग्री, रतलाम और नौगांव में 39 डिग्री, दमोह में 39.1 डिग्री, जबकि खरगोन, रायसेन और उमरिया में तापमान 38 डिग्री के आसपास रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल और जबलपुर में तापमान 37 डिग्री, इंदौर और ग्वालियर में 36.6 डिग्री तथा उज्जैन में 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सक्रिय हैं, जबकि 2 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी प्रभाव डालेगा। इसके चलते 4 अप्रैल तक कहीं आंधी तो कहीं बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद मौसम साफ होते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर तेज हो जाएगा, जबकि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और नौगांव-खजुराहो जैसे इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दतिया, मुरैना, श्योपुर सहित कई जिलों में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाओं के चलते लू की स्थिति बन सकती है, जिससे भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story