मध्य प्रदेश में 5 अप्रैल तक आंधी-बारिश का अलर्ट, 30 जिलों में रहेगा असर, निमाड़ में ओलावृष्टि की संभावना
भोपाल, 02 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का मजबूत सिस्टम सक्रिय होने से पिछले 72 घंटों से मौसम लगातार बदला हुआ है। बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में इसका असर देखने को मिला, वहीं आज गुरुवार को भोपाल, इंदौर सहित 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की वजह प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम हैं। साथ ही, उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी दो चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हैं, जिससे यह स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रहेगा। 7 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे 10 अप्रैल तक कहीं आंधी तो कहीं बारिश देखने को मिल सकती है। इसके बाद मौसम साफ होते ही गर्मी तेजी से बढ़ेगी।
अगले 24 घंटों में ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर में बारिश हो सकती है। छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इससे पहले बुधवार को भी कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। भोपाल में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि सीहोर में आंधी के साथ ओले गिरे। इंदौर, उज्जैन, देवास, खंडवा, जबलपुर सहित कई जिलों में मौसम बदला रहा। बारिश और आंधी के बीच गर्मी का असर भी कायम है। नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम, मंडला, खजुराहो, रायसेन, दमोह और सागर में भी तापमान 38 से 39 डिग्री के आसपास रहा। बड़े शहरों में जबलपुर 38.4 डिग्री, भोपाल 37.4 डिग्री, इंदौर 36.5 डिग्री, ग्वालियर 36.1 डिग्री और उज्जैन 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान में तेज बढ़ोतरी के संकेत हैं। महीने के आखिरी सप्ताह में ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और खजुराहो जैसे इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दक्षिणी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गर्म हवाओं के चलते भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

