मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, चार दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, दक्षिण-पूर्वी जिलों में ज्‍यादा रहेगा असर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, चार दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, दक्षिण-पूर्वी जिलों में ज्‍यादा रहेगा असर


भोपाल, 21 फरवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश में अगले चार दिन तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की सक्रियता के चलते 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में शनिवार को कई इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि 23 और 24 फरवरी को नए मौसम सिस्टम के कारण विशेषकर दक्षिण-पूर्वी जिलों में मौसम का प्रभाव ज्यादा देखने को मिल सकता है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश हो रही है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर और छतरपुर समेत 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई।

इधर, तेज आंधी का असर फसलों पर भी पड़ा है। रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में गेहूं की फसलें आड़ी हो गई हैं, जिससे दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। पिछले तीन दिनों में करीब 25 जिलों में आंधी से फसलों को नुकसान का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश हो सकती है। आसपास के जिलों में भी मौसम बदला रह सकता है।

वहीं, जबलपुर में शुक्रवार देर रात हल्के बादल छाए रहे और वातावरण में नमी महसूस की गई। शनिवार सुबह करीब 6 बजे शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और ठंड का असर बढ़ गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story