मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 5 दिन तक आंधी-बारिश की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 5 दिन तक आंधी-बारिश की चेतावनी


मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 5 दिन तक आंधी-बारिश की चेतावनी


- ग्वालियर-चंबल संभाग में ओलावृष्टि की संभावना

भोपाल, 30 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मार्च के अंतिम दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य में एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसका असर रविवार से ही दिखना शुरू हो गया। ग्वालियर सहित कई जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से इस सिस्टम का प्रभाव और तेज होगा, जो अगले 4 से 5 दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बादलों का दौर जारी रहेगा। अगले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल संभाग के भिंड और दतिया जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, जबलपुर और अन्य कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के साथ पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय हैं। इन सभी कारणों से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। यह सिस्टम 30 मार्च से सक्रिय होकर लगभग पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में लेगा। ग्वालियर, चंबल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश जिलों में 2 अप्रैल तक मौसम में बदलाव बना रहेगा।

आंधी और बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज हो रहा है। रविवार को मंडला में सबसे ज्यादा 39.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा नौगांव और मंडला में 39 डिग्री, दतिया में 38.4 डिग्री, नर्मदापुरम में 38.3 डिग्री, खरगोन और सतना में 38.2 डिग्री, खंडवा में 38.1 डिग्री दर्ज किया गया। सिवनी, गुना और उमरिया में 38 डिग्री के आसपास तापमान रहा, जबकि टीकमगढ़, रतलाम, दमोह, मलाजखंड, रीवा, नरसिंहपुर, रायसेन और छिंदवाड़ा में भी तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच रहा। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 37.5 डिग्री, भोपाल में 36.6 डिग्री, इंदौर में 35.8 डिग्री, ग्वालियर में 38.2 डिग्री और उज्जैन में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल और मई में गर्मी अपने चरम पर होगी। इस दौरान ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story