मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जिलों में चलेंगी तेज हवाएं
- आज भोपाल और ग्वालियर समेत 34 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना
भोपाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य में नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के कारण अगले तीन दिनों तक खासकर उत्तरी और पूर्वी इलाकों में आंधी और बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि आज मंगलवार को भोपाल और ग्वालियर सहित कुल 34 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। इन जिलों में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर शामिल हैं।
वहीं, 8 और 9 अप्रैल को भी ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में इस सिस्टम का असर जारी रहेगा। दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार को लेकर भी चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में आंधी की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 30 से 40 किमी प्रति घंटा के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने आगे बताया कि 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। इससे पहले 4 से 6 अप्रैल के बीच प्रदेश में तेज मौसम गतिविधियां देखी जा चुकी हैं। 4 अप्रैल को 14 जिलों में ओलावृष्टि और 39 जिलों में तेज आंधी-बारिश हुई थी। इसके बाद रविवार और सोमवार को भी कई इलाकों में मौसम बदला रहा और कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई।
आमतौर पर अप्रैल और मई को साल के सबसे गर्म महीने माना जाता है, लेकिन इस बार मार्च के आखिरी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली। अप्रैल के पहले पखवाड़े में भी मौसम इसी तरह मिला-जुला रहने के आसार हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

