मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 26-29 मार्च को एक्टिव होंगे दो नए सिस्टम, आंधी-बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 26-29 मार्च को एक्टिव होंगे दो नए सिस्टम, आंधी-बारिश के आसार


- प्रदेश के उत्तरी हिस्सों छाए बादल, तापमान में गिरावट दर्ज

भोपाल, 24 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों उज्जैन, सागर और ग्वालियर-चंबल संभाग में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से बादल छाए रहे, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। हालांकि, राज्य के अन्य क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज मंगलवार को प्रदेश में गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा, लेकिन 26 और 27 मार्च को मौसम फिर करवट ले सकता है। इस दौरान कई इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। 26 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका असर ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में करीब दो दिन तक देखने को मिलेगा। इसके बाद 29 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मार्च के अंत और अप्रैल की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हो सकती है।

इधर, पिछले दिनों प्रदेश में लगातार चार दिन तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला। इसके थमते ही अब तापमान में तेजी आने लगी है। सोमवार को रायसेन में सबसे अधिक 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अन्य जिलों की बात करें तो नर्मदापुरम में 37.4 डिग्री, रतलाम में 36.4 डिग्री, गुना और खरगोन में 36.2 डिग्री, खजुराहो में 36 डिग्री, नरसिंहपुर में 35.4 डिग्री, धार में 35.3 डिग्री, खंडवा में 35.1 डिग्री और उमरिया में 35 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। पांच बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 35 डिग्री तक पहुंचा। वहीं, भोपाल में 34.4 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री, जबलपुर में 34.2 डिग्री और ग्वालियर में 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

गौरतलब है कि हाल ही में सक्रिय रहे मजबूत सिस्टम के कारण प्रदेश के 45 जिलों में आंधी-बारिश हुई, जिनमें से 17 जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज आंधी के चलते केला, पपीता और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचा है। धार और खरगोन सहित कई जिलों में अधिक प्रभाव देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story